जयपुर से गुजरात और पटना के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, यात्रियों को मिलेगी राहत

जयपुर
 त्योहारी सीजन में अतिरिक्त यात्री भार को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे की ओर से 111 स्पेशल ट्रेनों के 925 ट्रिप चलाए जा रहे हैं। वहीं, 7 से 11 नवंबर तक उत्तर पश्चिम रेलवे के चारों मंडलों से 30 ट्रिप स्पेशल ट्रेनें संचालित होंगी। यात्रियों की सुविधा के लिए 50 जोड़ी नियमित ट्रेनों में 140 अतिरिक्त डिब्बों की अस्थायी बढ़ोतरी भी की गई है। 7 से 11 नवंबर के बीच अजमेर मंडल से 12, बीकानेर मंडल से 6, जयपुर मंडल से 6 और जोधपुर मंडल से 6 ट्रिप संचालित होंगी। इनमें अजमेर मंडल की छह, बीकानेर मंडल की चार, जयपुर मंडल की छह और जोधपुर मंडल की पांच स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं।

गुजरात के लिए चलेगी उत्राण-खातीपुरा स्पेशल ट्रेन
रेलवे ने गुजरात के उत्राण से खातीपुरा (जयपुर) के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय किया है। दोनों दिशाओं में दो-दो ट्रिप चलेंगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, उत्राण-खातीपुरा स्पेशल 9 और 16 नवंबर को उत्राण से दोपहर 2:15 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 10 बजे खातीपुरा पहुंचेगी।

इसी प्रकार, खातीपुरा-उत्राण स्पेशल ट्रेन 10 और 17 नवंबर को खातीपुरा से दोपहर 12:40 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 6:40 बजे उत्राण पहुंचेगी। यह ट्रेन अंकलेश्वर, भरूच, वडोदरा, गोधरा, दाहोद, रतलाम, मंदसौर, नीमच, चित्तौडगढ़़, भीलवाड़ा, बिजयनगर, नसीराबाद, अजमेर, किशनगढ़ और जयपुर सहित 15 स्टेशनों पर ठहरेगी।

खातीपुरा से पटना के लिए चलेगी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन
अतिरिक्त यात्रीभार को देखते हुए रेलवे ने खातीपुरा (जयपुर)-पटना-खातीपुरा के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय किया है। ट्रेन खातीपुरा से प्रत्येक सोमवार और पटना से प्रत्येक मंगलवार को चलेगी। दोनों दिशाओं में चार-चार ट्रिप चलेंगी। रेलवे अधिकारी के अनुसार, खातीपुरा-पटना स्पेशल 9 से 30 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार को दोपहर 12 बजे खातीपुरा से रवाना होकर अगले दिन सुबह 10:30 बजे पटना पहुंचेगी।

इसी प्रकार, ट्रेन संख्या 09716 पटना-खातीपुरा स्पेशल 10 नवंबर से 1 दिसंबर तक प्रत्येक मंगलवार को दोपहर 12 बजे पटना से रवाना होकर अगले दिन सुबह 9: 25 बजे खातीपुरा पहुंचेगी। इन ट्रेन का दोनों दिशाओं में बांदीकुई, भरतपुर, ईदगाह, टूंडला, गोविंदपुरी, सूबेदारगंज, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा और दानापुर स्टेशन पर ठहराव होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *